भोपाल-हबीबगंज से नई दिल्ली के बीच चलने वाली शताब्दी एक्सप्रेस का सेफ्टी स्प्रिंग रविवार को नौंवी बार टूट गया। इसके बाद ऐनवक्त पर कोच को काटा गया। इसमें 35 मिनट लग गए। इसके बाद ट्रेन हबीबगंज से नई दिल्ली के लिए रवाना की गई। तब तक यात्री परेशान होते रहे। शताब्दी के स्प्रिंग टूटने की 19 महीने में यह नौंवी घटना है।शताब्दी एक्सप्रेस रविवार तय समय पर हबीबगंज स्टेशन पहुंची थी। रेलकर्मियों ने रोललिंग इन (ट्रेन के प्लेटफार्म पर प्रवेश करने के दौरान) के समय देखा कि कोच सी-8 में लगा सेकेंडरी सस्पेंशन सेफ्टी स्प्रिंग टूटा है। यह स्प्रिंग पहिये के ऊपर (कोच की टॉली व पहिए के बीच) लगा होता है। यह जानकारी अधिकारियों को दी, इसके बाद कोच काटने का निर्णय लिया गया। इस तरह ट्रेन प्लेटफार्म पर लगने में लेट हो गई। जब लगी तो यात्रियों को कोच सी-8 नहीं मिला। वे नाराज हो गए। जिन्हें रेल अधिकारियों ने दूसरे कोचों में शिफ्ट कराया और ट्रेन को 3.35 बजे रवाना किया।
|