भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी के दिग्गज नेता बाबूलाल गौर का बुधवार सुबह निधन हो गया। उन्होंने भोपाल के नर्मदा अस्पताल में अंतिम सांसें लीं। बाबूलाल गौर का राजकीय सम्मान के साथ सुभाष नगर स्थित विश्राम घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। पोते आकाश गौर ने उन्हें मुखाग्नि दी। उनकी पार्थिव देह भाजपा कार्यालय में अंतिम दर्शन के लिए रखी गई थी। यहां पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने उन्हें कंधा दिया। मुख्यमंत्री कमलनाथ भी श्रद्धांजलि देने के लिए गौर के आवास पर पहुंचे। मध्य प्रदेश सरकार ने उनके निधन पर तीन दिन के राजकीय शोक का ऐलान किया। बाबूलाल गौर लंबे समय से बीमार थे और इसी के चलते राजधानी भोपाल के एक निजी अस्पताल में भर्ती थे। उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। उनका आज सुबह बीमारी के दौरान निधन हो गया। बाबूलाल गौर ने उमा भारती के मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद प्रदेश की कमान संभाली थी। बाबूलाल गौर को कुछ समय पहले जीवनरक्षक प्रणाली (वेंटिलेटर) पर रखा गया था।
|