भोपाल। गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक नमक फैक्टरी के अंदर खतरनाक स्थिति मे मिली सिक्यूरिटी गार्ड का शव। अज्ञात लोगों ने चाकुओं से गोदकर सिक्यूरिटी गार्ड की हत्या। उसके शरीर पर चाकू के आठ वार थे। पुलिस को शक है कि वारदात को किसी परिचित द्वारा ही अंजाम दिया गया है। आरोपी फैक्टरी का मेन गेट खुलवाकर अंदर आए थे। सीसीटीवी फुटेज में दो-तीन लोग कैद हुए हैं। घटना अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात की है। बदमाश फैक्टरी से 35 हजार रुपए भी ले गए। अशोका गार्डन थाना प्रभारी उमेश यादव के मुताबिक गायत्री नगर निवासी 50 वर्षीय प्रताप सिंह लोधी एक सिक्यूरिटी एजेंसी में गार्ड था। सोमवार की रात उसकी गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एरिया के एच सेक्टर स्थित फैक्टरी में नाइट ड्यूटी थी। यहां उसका दूसरा ही दिन था। सिक्यूरिटी गार्ड के छुट्टी पर जाने के कारण प्रताप को अस्थायी तौर पर ड्यूटी पर लगाया गया था। फैक्टरी का यह शेड विष्णुदत्त गुप्ता का है। मंगलवार की सुबह करीब पौने आठ बजे दिन ड्यूटी का गार्ड सांझा राम पहुंचा तो फैक्टरी का मुख्य द्वार करीब एक फीट खुला हुआ था। गेट के अंदर मैदान में प्रताप सिंह कीचड़ में पड़े थे। सांझा राम ने सिक्यूरिटी एजेंसी के सुपरवाइजर अशोक सिंह ठाकुर को सूचना दी।
|