भोपाल ( सैफुद्दीन सैफी) : मध्यप्रदेश की शिवराज सिंह चौहान सरकार विश्व की सबसे अधिक घोटाले करने वाली सरकार है | शिवराज जी ने अपने 18 साल के कार्यकाल में घोटाले पर घोटाले कर भ्रष्टाचार का कीर्तिमान रच दिया है | शिवराज सरकार के काले कारनामों का काला चिट्ठा बहुत लंबा है | जिनमें से कुछ महत्वपूर्ण महाघोटालों को शामिल कर कांग्रेस पार्टी ने शिवराज सरकार के 18 साल के कार्यकाल की घोटाला – शीट तैयार की है | इससे मध्य प्रदेश की जनता को 50 प्रतिशत कमीशनराज की तथ्यात्मक हक़ीक़त भली भांति समझ आ जाएगी | मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ जी ने आज प्रदेश कांग्रेस कार्यकाल में आयोजित पत्रकार वार्ता में यह बात कही | पत्रकार वार्ता में नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर गोविंद सिंह, आरोप पत्र समिति के समन्वयक श्री पारस सकलेचा, मप्र कांग्रेस के उपाध्यक्ष श्री राजीव सिंह, मीडिया विभाग के अध्यक्ष श्री के.के मिश्रा और प्रवक्ता सुश्री निकिता खन्ना मौजूद थे | घोटाला शीट में जिन प्रमुख घोटालों का जिक्र किया गया है, उनमें 15000 करोड़ रुपए का पोषण आहार घोटाला, 12000 करोड़ रुपए का मिड-डे मील घोटाला, 9500 करोड़ रुपए का आगंनवाड़ी नल-जल घोटाला 600 करोड़ रुपए का गणवेश घोटाला, 2000 करोड़ रुपए का सर्व शिक्षा अभियान घोटाला, 2000 करोड़ रुपए का व्यापंम महा घोटाला,2000 करोड़ रुपए का नर्सिंग घोटाला 3000 करोड़ रुपए का कौशल घोटाला, 2500 करोड़ रुपए का पैरामेडिकल छात्रवृत्ति घोटाला, 94000 करोड़ रुपए का बिजली घोटाला, 10000 करोड़ का जल जीवन मिशन घोटाला और 50000 करोड़ रुपए का चेक पोस्ट घोटाला शामिल है | श्री कमलनाथ ने कहा कि, संसार में ऐसा उदाहरण कम ही मिलेगा जब किसी मुख्यमंत्री ने गर्भस्थ शिशु से लेकर मृत्यु को प्राप्त हो चुके मनुष्य तक को अपने घोटाले में शामिल कर लिया हो और इतना ही नहीं घोटाला करने में भगवान को भी न छोड़ा हो | श्री कमलनाथ ने कहा कि, पोषण आहार घोटाले में शिवराज सरकार ने गर्भवती महिलाओं और गर्भस्थ शिशुओं के साथ भ्रष्टाचार किया | राशन घोटाले में सभी नागरिकों के भोजन में घोटाला किया | आयुष्मान घोटाले में मृतकों के नाम पर उपचार कराकर संसार से विदा हो चुके मृतकों के नाम पर भी घोटाला कर दिया | यही एक ऐसी सरकार है जिसने सिंहस्थ और महाकाल लोक घोटाले में भ्रष्टाचार कर भगवान के साथ भी धोखा किया है | शायद इन्हीं जैसे बेईमानों के लिए यह गाना लिखा गया था | भगवान को धोखा देते हैं, इंसान को यह क्या छोड़ेंगे | श्री कमलनाथ ने कहा कि, नर्मदा मैया में अवैध उत्खनन कर इन्होने मध्यप्रदेश कि जीवनदायनी मां नर्मदा के साथ भी छल किया है | उन्होने कहा कि, इन्होने दवा और दारू दोनों में घोटाला किया है | मध्यप्रदेश में हुआ नर्सिंग कॉलेज घोटाला और 86000 करोड़ रु. का शराब घोटाला इसी की बानगी है | श्री कमलनाथ ने कहा कि, शिक्षा के क्षेत्र में तो शिवराज सरकार ने घोटालों की झड़ी लगा दी है, | व्यापंम घोटाला अगर शिक्षा के क्षेत्र में हुआ दुनिया का सबसे बड़ा और भयानक घोटाला है तो शिवराज सरकार ने स्कूल में, स्कूल में चलने वाली कक्षाओं में, कक्षाओं में बैठने वाले छात्रों और छात्रों के द्वारा पहने जाने वाली गणवेश में और कक्षा में सिखाए जाने वाले कौशल में भी घोटाला किया है | श्री कमलनाथ ने कहा कि, शिवराज सरकार जनमत से नहीं, बल्कि धनमत से बनी सरकार है | लोकतंत्र से घोटाला कर बनी शिवराज सरकार ने सरकारी खजाने को लूट कर घोटाला करना अपना मूल मंत्र बना लिया है | वह दिन दूर नहीं है जब आप गूगल पर घोटाला या स्कैम सर्च करोगे तो सामने शिवराज जी की तस्वीर आ जाएगी |
|